बुधवार, 25 सितंबर 2013

मृत्यु के बाद की स्थिति का जीते जी ज्ञान


     मरने के बाद के जीवन पर सवाल बहुत लंबे समय से चल रहा है। मूल प्रश्न यह है कि बिना मरे मरने के बाद की स्थिति का ज्ञान कोई कैसे कर सकता है? कोई मरा हुआ आदमी वापस तो आता नहीं हैं। कुछ लोग तर्क दे सकते हैं कि जो लोग मर कर फिर जीवित हो जाते हैं, उनके अनुभव को प्रमाण मान लिया जाय। मैं ऐसी बात नहीं कर रहा। तरीका तो ऐसा होना चाहिये कि जो भी चाहे उस तरीके से मरने के बाद की स्थिति का ज्ञान प्राप्त कर सके।
                                  यह सवाल हजार साल पहले राजा अजातशत्रु को भी सता रहा था। वे समकालीन विचारकों एवं आचार्यों के उत्तर से बहुत नाराज थे। उनकी पीड़ा यह थी कि मैं ‘‘जब आम के बारे में पूछता हूं, तो आचार्य लोग बात बदल कर कटहल के बारे में बताना शुरू कर देते हैं।’’
                                  धर्माचायों के लिये यह सदा से सुविधाजनक रहा है। वैसे राजा अजातशत्रु का पहला प्रश्न भी कम कठिन नहीं था कि ‘‘भिक्खु’’ बनने का दिखाई देने वाला फल क्या है? बुद्ध ऐसे प्रश्नों को झेलने में सक्षम थे। उन्होंने कहा कि तुम्हारे जो नौकर हाथ जोड़ कर तुम्हारी तरफ देखते रहते थे कि तुम्हारे मुंह से क्या बात निकलती है, उसे सावधानी से सुनें। आज उन्हीं नौकरों के समक्ष तुम हाथ जोड़ कर खड़े हो और वे मौन बैठे हैं। यह दिखाई दे रहा है कि नहीं? साधु के इसी सामाजिक पक्ष का तो लोग आज भी लाभ उठाना चाहते हैं।
                                  भारतीय दृष्टि से शरीर मरता है, मन और आत्मा नहीं। जो आत्मा को नहीं मानते वे भी मन की ही एक अवस्था को ‘‘विज्ञान’’ , ‘‘जीवितेन्द्रिय’’ आदि नाम से पुकारते हैं। अगर अभ्यास किया जाय तो 2-4 महीनों से कुछ साल तक की अवधि में जीते जी अपने मन की इस अवस्था से भली भांति परिचित हुआ जा सकता है। इसी शरीर के भीतर वह क्षमता भी है। उसका ज्ञान पा कर अपने उस मनोमय शरीर से अपने पूर्व जन्म एवं मृत्यु का अनुभवात्मक ज्ञान पाया जा सकता है।
                                  इस विधि को अनेक पद्धतियों से सीखा जा सकता है। तंत्र में शीघ्र ज्ञान होता है लेकिन इसका अभ्यास समूह में एवं सिखाने वाले के समक्ष करना होता है। योग में ध्यान के समय यह अवस्था स्वयं आती ही है। मृत्यु एवं जन्म का ज्ञान होना वस्तुतः बड़ी बात नहीं है। बड़ी बात है अपने वर्तमान मन का ऐसी बड़ी बातों को स्वीकार करने और झेलने के लिये तैयार होना क्योंकि पूर्व मुत्यु के पहले वर्तमान जन्म, उसके पहले हुई मृत्यु, उसके पहले का जीवन और इस प्रकार के अनेक जीवन-मृत्यु के दर्दनाक अनुभव को कौन भला जानना झेलना चाहेगा? उस साक्षात्कार के बाद फिर इसी शरीर में सांसारिक व्यवहार में अनेक सम्मोहन समाप्त हो जाते हैं। दूसरा जन्म और मृत्यु की बात छोडि़ये, ध्यान में इसी जन्म का अपना अतीत सामने आते ही लोग भाग खड़े होते हैं, खाशकर जो अपने को परम शुद्ध और सच्चा मानते हैं।
                                  जीते-जी अपने इसी शरीर में अनेक व्यक्तित्वों की चाल-ढाल देख कर एक बड़ी दुनिया का दरवाजा तो खुलता है परंतु धीरे-धीरे अपने आप को धोखा देने, दूसरे से धोखा खाने, बहाना बनाने की सुविधा समाप्त हो जाती है। इसलिये धर्म के नाम पर कल्पना एवं विश्वास के लोक में ही जाना लोग पसंद करते हैं, ज्ञान एवं अनुभवात्मक साक्षात्कार को नहीं।
                                  मृत्यु के साक्षात्कार को झेलने की हिम्मत जुटे न जुटे कम से कम अपने इस शरीर के भीतर के कई व्यक्तित्वों को जानने समझने का प्रयास तो भारतीयों को करना चाहिये फिर आप आपने ज्ञान एवं अनुभव के आधार पर जो चाहें निर्णय लें। इसमें किसी देवता या धर्म की अनिवार्यता भी नहीं हैं, यह तो बस एक तकनीक हैं, जिसे सीख कर आजमाया जा सकता है। इससे अनेक भय एवं भ्रम स्वतः समाप्त हो जाते हैं।

                           समस्या केवल यही होगी कि कोई बाबा आपको आसानी से सम्मोहित नहीं कर सकेगा? आपको हंसी आने लगेगी लेकिन सम्मोहत होने का सुख तो छूट ही जायेगा।

मंगलवार, 24 सितंबर 2013

अगला पोस्ट ‘जीउतिया’ पर


 मित्रो,
मैं बौराया नहीं हंू, यह चौमासे का असर है। चौमासे में विष्णु भगवान भले ही 4 महीनों के लिये सो जायें उनके लोग थोड़े ही सो जाते हैं। वे जम कर जश्न भी मनाते हैं और उत्पात भी करते हैं। इसलिये चौमासे के भीतर अनेक व्रत उत्सव भी होते हैं। इसीलिये मजबूरी में मुझे भी ताबड़तोड़ पोस्टिंग करनी पड़ रही है।
विष्णु भगवान के सो जाने पर फुरसत पा कर उनके प्रिय वाहक गरुड महाराज क्या करें? तो वे इस समय विष्णु भगवान के नाम पर अपना साम्राज्य बढ़ाने में लग जाते हैं। यह जो पूरा पितृपक्ष और वैष्णव परंपरा का श्राद्ध है, उसके प्रवर्तक गरुड हैं। उनके ही नाम पर गरुड पुराण है। आज जो स्वर्ग-नरक की अवधारणा प्रचलित है, उसका सर्वाधिक विस्तृत विवरण गरुड पुराण में ही मिलता है।
उनके उत्पात और परम करुणामय बोधिसत्त्व जीमूतवाहन के आत्मोत्सर्ग तथा उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापन का उत्सव भी तो आ गया। जीउतिया का पूरा ऐतिहासिक संदर्भ एवं पूरी कथा भी आ रही है। टाइप हो कर तैयार है। मेरे दो मित्र सर्वश्री राजबल्लभ जी और विनय रंजन जी ने तो भूइयां जाति पर बहुत काम किया है। वे अगर कुछ चित्र डाल सकें तो बहुत अच्छा लगेगा।

सोमवार, 23 सितंबर 2013

बिकाऊ धर्म कथा 2

आ! बौद्ध, मुझे मार,

भारत के मध्य देश अर्थात हिंदी पट्टी से बौद्ध धर्म की स्वतंत्र पहचान समाप्त हो गई थी। साधना विधियों का समावेश लाकाचार में आम जन ने कर लिया था और भिक्षु संघ के स्वरूप तथा संपत्ति पर मठों का कब्जा हो गया था या वे विलीन हो गये थे।

आजादी के बाद परिदृश्य बदला। अब बाबा साहब अंबेदकर के अनुयायी उग्र बौद्ध आंदोलन के समर्थक हैं तो विदेशी बौद्धों को भारत में पुरानी संपत्ति तथा धार्मिक स्थलों पर कब्जा जमाने में खूब रुचि है। स्थानीय समाज से लड़ने भिड़ने के लिये वे अंबेदकरवादियों की मदद लेते हैं। ऐसे झगड़े आम हैं। इस परिस्थिति को जानने पर भी गया बोधगया के कई मंदिरों के पुजारी अपने मंदिर को जो वस्तुतः उनका होता नहीं है, उसे किसी न किसी रूप में बौद्ध धर्म से जोड़ कर कमाई बढ़ाना चाहते हैं। परिणाम ठीक उलटा होता है। पहले तो नव बौद्ध चुप रहते हैं, फिर आंदोलन कर वहां से स्थानीय पुजारियों को हटा कर किसी भिक्षु को स्थापित करते हैं फिर उनके भीतर भी उस मंदिर पर वर्चस्व का झगड़ा शुरू होता है।

धर्मारण्य क्षेत्र के मग ब्राह्मणों के कब्जे वाले मतंगवापी में लगभग आधा हिस्सा बौद्ध ले चुके और वहां सुजाता का मंदिर बन गया। धर्मारण्य मंे खेल शुरू हो गया, बुद्ध की कई मूर्तियां ब्राह्मणों द्वारा ही स्थापित करवा दी गईं। यह श्रोत्रियों के कब्जे की जगह है। अब गया तीर्थ के केन्द्र गहरा षडयंत्र शुरू हुआ है। श्राद्ध की दुष्टि से अति महत्त्वपूर्ण बृद्धप्रपितामहेश्वर मंदिर का नाम प्रशासन की ओर से बदलवा दिया गया है। अब वह सरकारी रिकार्ड में बुद्धपितामहेश्वर हो गया। ध्यान दें कि यह सब स्थानीय अपराजेय शुद्ध भाजपाई विधायक की देखरेख में किया गया है। बस झगड़ा और अंतर्राष्ट्रीय स्तर का विवाद खड़ा करने भर की देर है। चित्र नीचे हैं। मेरे परिचित भाजपाइयों को इस बात पर तो चुप नहीं रहना चाहिये और खाश कर जो गया और इसके आसपास के हैं।


रविवार, 22 सितंबर 2013

लोकाचार रहस्य

लोकाचार रहस्य : मुख्यतः बिहार एवं उत्तर भारतीय संदर्भों में

विषय प्रवेश
  
 सामान्य आदमी तो छोडि़ये अनेक कर्मकांडियों को भी लोकाचार की समझ नहीं होती। वे मन ही मन उसे कोसते रहते हैं। मैं ने यह प्रयास उनकी दिमागी जड़ता को दूर करने तथा सामान्य जिज्ञासुओं  के प्रश्नों का यथा संभव उत्तर देने के लिये यह प्रयास किया है।
सनातन धर्म में सगुण एवं निर्गुण दोनों उपासना पद्धतियां साथ-साथ चलती हैं। सगुण उपासना पद्धति में अनेक क्रियाएं एवं भौतिक सामग्रियां भी सम्मिलित रहती हैं। इन्हें मिला कर कर्मकांड कहा जाता है। कर्मकांड में अनेक सामग्रियाँ एवं विधियाँ सम्मिलित रहती हैं। उनके उद्देश्य एवं लक्ष्य भी अलग-अलग होते हैं। कर्मकांड में स्थानीय लोकाचार का भी बहुत बड़ा भाग सम्मिलित रहता है।
कई बार कई आचार्यों/पुरोहितों को यह अच्छा नहीं लगता, खासकर उन आचार्यों को जो संस्कृत के विद्वान होने पर भी भारत की विविधता को राष्ट्र की एकता में बाधा मानते हैं। जो यह समझने को तैयार नहीं हैं कि सामान्य जन अनेक संप्रदायों देवी देवताओें, उपसना शैलियों में श्रद्धा रखता है। वह करे भी तो क्या करे? स्थानीय समाज का दबाव और कुछ अतिरिक्त देवी किश्म का लाभ पाने के चक्कर में कैसे समझे कि कौन सी बात वस्तुतः सही है या संगत है। इसलिये वह अपनी समढ तथा सुविधा से भी अनेकता में से चुन चुन कर अपने लिये संगह करता है चाहे इसमें अनर्थ हो या लाभ?
        ऐसे विविधता विरोधी आचार्य स्वयं ही कोई आचार-विचार नीतिशास्त्र संबंधी पुस्तक लिखते हैं और किसी न किसी प्रकार सभी लोगों पर अपने ही विचार को लादने की कोशिश करते हैं। वैसे कुछ लोग जो सामाजिक तथा सांसारिक जीवन को बेकार या मजबूरी वाला मानते हैं और किसी आदर्श अवस्था में समाज या व्यक्ति को पहुँचाना ही जीवन का लक्ष्य मानते हैं वे केवल अपनी समझ एवं अपने ज्ञान को ही आदर्श तथा अनुकरणीय मानते हैं। वे विविधता एवं लोकाचार, स्थानीय समझ, नीति नियम, परंपरा एवं उत्सव तक के खिलाफ रहते हैं। स्वधर्म पालन की सुविधा देने की जगह वास्तविक धर्म निणर्य के नाम पर दूसरे को हराने, नीचा दिखाने का काम करते हैं। ऐसे लोगों को न तो लोकाचार को समझने की जरूरत होती है न वे समझते हैं।
             इसके विपरीत वैदिक काल से आज तक अनेक ऋषि धर्माचार्य, संत, सिद्ध, योगी गण, आम आदमी को उसकी सुविधा, परंपरा एवं सुगमता तथा उसकी क्षमता को देखकर नाना प्रकार से साधना के व्यक्तिगत तथा सामाजिक उपायों को सिखाते रहे हैं। इसलिए यह जरूरी नहीं है कि आज की तारीख में प्रचलित हर कर्मकांड एवं लोकाचार का वर्णन वेदों में ही हो। हाँ, पुराण, धर्मशास्त्रीय ग्रंथ, साधना सिखानेवाले, योग, तंत्र तथा अन्य अनुष्ठान के ग्रंथ में भी इनका कहीं न कहीं वर्णन संभव है। कई बार मूल बात बताकर उसकी प्रक्रिया विकसित करने की भी सलाह दे कर बात को संक्षिप्त कर दी जाती है। लोकाचार की कुछ बातों के मूल ही पुस्तकों में मिलेंगे, हो सकता है, पूरी प्रक्रिया वर्णित न हो।
        अनेक लोकाचार कई परंपराओं को मिलाकर भी विकसित हुए रहते हैं। देशांतरण, धर्मातरण विवाह, तीर्थयात्रा आदि कारणों से लोग नए पुराने लोकाचार को मिलाकर ऐसा नया रूप दे देते हैं कि उन्हें मूल विधियों से मिलाना एवं पहचानना कठिन हो जाता है। इसमें कई सवर्ण-असवर्ण जातियों के आचार आपसे मिले रहते हैं। उदाहरण के लिये विधवा का पुनर्विवाह पहले भी होता था और आज भी अनेक जातियों में परंपरागत ढंग से स्वीकृत हैं, वह भी परिवार के ही भीतर, कहीं पति के बड़े भाई से कहीं छोटे भाई से। विवाह के समय ही वधू को इस बात की जानकारी देने की चलन थी कि दुर्घटना के बाद कौन पति हो सकता है ताकि मन उसे स्वीकार कर ले। इसीलिए देवर मतलब दूसरा वर, सहबाला भेजने का लोकाचार निभाया जाता है, वह सभी मांगलिक आचारों में साथ-साथ रहता है, कुछेक को छोड़कर। इसी तरह कोहवर एवं मथठक्का के समय के आचार पति के बड़े भाई ‘भसुर’ को संभावित पति का निर्देश देने वाले हैं। सामान्यतः इस बात की समझ न होने से दोनों लोकाचार एक साथ निभाए जा रहे हैं। इसमें ‘भसुरवाला’ तो पूर्णतः बेमतलब है। आज दक्षिण बिहार में किसी भी जाति में भसुर द्वारा विधवा का विवाह कर लेने की या पहली पत्नी के साथ उसे भी पत्नी का दर्जा देने की चलन नहीं है। ऐसी चलन प्रायः संतान संपत्ति को स्त्री के पुनर्विवाह से उत्पन्न संकट से बचाने के उद्देश्य से किया जाता रहा है। अभी भी कुछ जातियों में देवर वाला पुनर्विवाह चलन में है। सवर्णों में चलन में न होने पर भी पुरानी आदत के कारण लोकाचार निभासा जा रहा है। देवर-भाभी के मजाक में भाभी और साली पर आधे हक की बात खूब चलती है।
       बाल विवाह की बुरी प्रथा गुलामी के दिनों में प्रचलित हुई। उस समय धर्माचरण संकट मंें था। लाचारी में उल्टे-पुल्टे संस्कार होते थे। गीतों में यह स्पष्ट होता है जो लड़के भाग कर काशी नहीं जाते थे उनकी वैदिक शिक्षा हो नहीं पाती थी। वैदिक गुरुकुल तो कब के समाप्त हो गये थे। इसलिए औरतों के गीतों में काशी जाने, रूठने-मनाने का नाटक का वर्णन एवं लोकाचार में अभिनय रहेगा और वैदिक अनुष्ठानों में मूँज की मेखला, डांडा-जनेऊ पहनने का नाटक भी होगा मानों आज भी सचमुच में गुरूकुल हांे।
      यह तो एक उदाहरण है। भारतीय गृहस्थ ने वैदिक, बौद्ध, सिद्ध, सांख्य, वैष्णव, शैव एवं शाक्त सभी तंत्र धाराओं से विधियां सीखीं और अपर्नाइं। इसलिए लोकाचार को समझने के लिए केवल संस्कृत भाषा के ज्ञान से कम नहीं चल सकता। भगवती तारा एवं काली को प्राकृत, स्थानीय बोली एवं गद्य में बनी रचनाएँ प्रिय हैं। इस बात का उल्लेख संस्कृत में रची स्तुति में है। आज भी देवी को गीत हर भाषा/बोली में गाए जाते है, उसे ‘पचरा’ गाना कहतें। मांडर, पखावज या ढोल पर आज भी पचरा गाया जाता है।
     तंत्र भोग एवं मोक्ष दोनों को देनेवाला है। गृहस्थ जीवन मं धर्म, अर्थ, काम एवं मोक्ष रूपी पुरुषार्थों में तीन तो भौतिक ही हैं, चौथा इन तीनों से ऊपर मोक्ष है, जो इन्हीं तीनों पर आश्रित अर्थात नकारात्मक रूप में इन्हीं तीनों के संदर्भ में है। मुक्ति तृप्ति की परम अवस्था हैए इस प्रकार यसह सकारात्मक भी है।
      तंत्र की सुलभ एवं लोकजीवन में उपयोगी विधियों, समाज को जोड़नेवाली विधियों तथा वैदिक विधियों को मिलाकर लोकाचार बने हैं। आग को लेने-देने, छुआ-छूत, पवित्रता, विभिन्न अवसरों पर विभिन्न जातियों की भूमिका संबंधी लोकाचारों में गहरे रहस्य हैं। उन्हें जानना जरूरी है।

      इस पुस्तक में बिहार के लोकाचार एवं लोकोत्सवों की असली एवं उपयोगी बातों  को प्रकट करने का प्रयास किया गया है। इससे कोई भी सावधान व्यक्ति समझ सकता है कि लोकाचार में से क्या करना जरूरी एवं उपयोगी है और कौन कौन सी बातें कालबाह्म एवं बेकार की हैं।

विमोहन 10


गया श्राद्ध की बहुरंगी दुनिया
     
   ऐसा न सोचिये कि भारत में सब कुछ पूर्ण वैदिक, पूर्ण इस्लामी या किसी भी तरह से केवल एक ही विचारधारा या पहचान के आधार पर चलता है या चल पायेगा। नीचे की तस्वीरें धर्मारण्य, बोधगया, बिहार पितृश्राद्ध पिंडदान परिसर की हैं। मजार मंदिर परिसर में है और मजार वालों को भी पिंडदान से समस्या नहीं है। पंडा जी के अनुसार यह मजार देवीजी के मशालची का है, जो देवी के आगे आगे मशाल लेकर चलते हैं। जब मशालची को मुसलमान होना तय है तो फिर झगड़ा किस बात का? और भगवती के मंदिर के आहाते में उनके सेवक का मजार क्यों न बने? बिहार उत्तर प्रदेश में नाई जाति का इस्लामीकरण भारी संख्या में हुआ है। फिर भी जाति के सामने धर्म गौण है। ऐसे ‘‘तुर्कनौआ’’ पूरी सुविधा से पूजा पाठ शादी श्राद्ध सबमें स्वीकृत हैं।
                                 

दूसरे चित्र भी कम मजेदार नहीं हैं। यह इलाका बुद्ध को खीर खिलानेवाली सुजाता का है। ब्राह्मणों ने कंकालमय बुद्ध की प्रतिमा इसी परिसर में लगवा दी कि कुछ बौद्ध तीर्थयात्री तो बेसमय भी आ जायेंगे।  ब्राह्मणा की इस लालच का लाभ बौद्ध आंदोलनकारी उठाते हैं। आप मानिये बुद्ध को विष्णु का अवतार या जा भी वे तो परिसर का सीधा बंटवारा या पूर्ण स्वामित्व ले कर ही रहते हैं। आजकल यह खेल खूब हो रहा है। फिलहाल तो बुद्ध पर पिंडदानी हावी हैं।





मंगलवार, 17 सितंबर 2013

जय हो विश्वकर्मा जी

जय हो विश्वकर्मा जी

जहां प्रजापिता ब्रह्माजी पहले से ही विराजमान हों, पूरी सृष्टि रच रहे हों वहां विश्वकर्मा जी की क्या जरूरत? जरूरत तो पड़ती ही है। जब शिल्प और उद्योग खेती से अधिक लाभ देनेवाले हो जायं तो उन बिरादरियों के लिये जरूरत पड़ती है।
जब देवताओं ने कोई उपयोगी चीज खुद बनाई नहीं केवल उसे हथियाया, हड़पा तो धीरे-धीरे दूसरों के गुण, क्षमता तथा कर्म की अवहेलना करने की जरूरत देवता तथा उनके समर्थकों को पड़ती है। यह एक ऐसे देवता की कल्पना है जिसने सूर्य को बनाया तो नहीं पर उसे भी अपनी मशीन यंत्र पर काट-छांट कर ऐसा बनाया जिससे मनुष्य अपना संबंध बना सके। इन विश्वकर्मा जी के बहाने मय असुर आदि की शिल्प कहानियों पर पर्दा डालने में सुविधा जो हो जाती है।

अनंत की चौदह गाँठें


अनंत की चौदह गाँठें

ब्राह्मण एवं श्रमण धाराओं के दार्शनिक पक्ष-विपक्ष की चर्चाओं से संबंधित साहित्य प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है। अन्य धाराओं से इसके शास्त्रार्थ से संबंधित पर्याप्त सामग्री भी मिलती है लेकिन बहुसंख्यक आबादी को तत्त्वचिंतन की नीरस बहस में बहुत अधिक मन नहीं लगता। पूजा, अनुष्ठान, व्रत, उत्सव आदि के माध्यम से जो बिंब और जीवनमूल्य सामने आते हैं उन्हीं जीवनमूल्यों और बिंबों के साथ जुड़कर वह जीता है, खुशी मनाता है, सही-गलत का अनुभव करता है और प्रायश्चित तथा परिष्कार जैसे काम भी करता रहता है।
जैन धर्म की मूल मान्यताओं एवं दूसरी धाराओं के साथ उसके विरोध से आम आदमी को बहुत कुछ लेना-देना नहीं है। भगवान बुद्ध एवं उनकी धारा भी अहिंसा की बात करती है फिर भी वज्रयान में मांस सेवन, बलि इत्यादि स्वीकृत हैं। बौद्ध धर्म के अनुयायी सुविधापूर्वक सभी प्रकार के मांसों का सेवन कर ही रहे हैं। इस दृष्टि से जैन थोड़े भिन्न्ा लगते हैं क्योंकि आज गृहस्थ जैन भी प्रायः शाकाहारी हैं, मांसाहार अपवाद है।
रही बात श्रद्धा, पूजा, उपासना की, तो जैनों का स्वभाव भी मुख्य  बहुसंख्यक धारा के समान ही है। मुख्य धारा में जो असंख्य देवी-देवताओं को मानती है उसमें 24 तीर्थंकर, पùावती और कुछ यक्ष, ऐसे 25-50 लोगों का समावेश देवी-देवता के रूप में कर लिया जाना कोई गंभीर समस्या वाली बात नहीं है। उनके नाम पर भी कोई उत्सव मनाया जाता है तो उत्सव में सम्मिलित हो लिया जाए, फूल, प्रसाद चढ़ा लिया जाए। यदि कोई आचार्य या विद्वान दूसरी व्याख्या कर दे रहें हो तो दूसरी व्याख्या को भी मान लिया जाय।
इन्हीं सरलताआंे एवं सुविधाओं के बीच मगध के आम आदमी के सरल-सहज मन के बीच वर्चस्व के ताने-बाने जब बुने जाते हैं तो कैसा चित्र बनता है, इसी प्रक्रिया के एक उदाहरण के रूप में आगे विवेचन किया जा रहा है। मगध में जैन परंपरा के प्रतीकों का मानवीकरण एवं वैष्णवीकरण का काम रोचक ढंग से हुआ। इस प्रक्रिया में संख्यावाचक भावों का मानवीकरण एवं मानवीकृत बिबों के अमानवीकरण जैसी विपरीत प्रक्रिया भी अपनाई गई। जैन परंपरा का ‘पंच परमेट्ठि’ ‘पंचपरमेश्वर’ जैसे बिंब में बदला तो ‘14वां’ जैसे निश्चयात्मक संख्यावाची विशेषण ने एक वचनात्मक, निश्चयात्मक चौदहवाँ अर्थ लिया फिर चौदह भुवनों वाले अर्थ में प्रतिष्ठित हुआ।
पूजा, अनुष्ठान की प्रणालियों एवं सामग्रियों का समन्वित रूपं यह है कि बहुसंख्यक आबादी, जो वैदिक/वैष्णव धारा की है नालंदा, पावापुरी, राजगृह, पार्श्वनाथ के इलाके को सहज ही जैन तीर्थ क्षेत्र मानती है। नालंदा का पुराना नाम कुंडलपुर है। नालंदा नया नाम है। इसके अतिरिक्त भी अन्य अनेक जैन तीर्थ क्षेत्र मगध में है। फिर भी बाहरी आबादी को छोड़कर इस समय मगध में स्थानीय आबादी जैन मतावलंबी नहीं है।
डॉ राधाकृष्ण चौधरी आदि के अनुसार पहले भी वज्जियों में, जहाँ गणतंत्रात्मक व्यवस्था थी, जैन धर्म का मुख्य प्रभाव था। इतिहास जो भी हो इस समय जैन धर्म के जो भी अनुयायी हैं वे बाहर से आकर बसे हुए अग्रवाल बिरादरी के लोग हैं। इसी कारण वे सुविधा से कभी जैन, कभी अग्रवाल, कभी गोयल कभी कुछ नामोपाधि का प्रयोग करते रहते हैं। आरा शहर जैनियों का गढ़ माना जाता है। वहाँ के प्रो0 राजा राम जैन के भाई एवं पुत्र गोयल उपाधि लिखा करते हैं। रक्तसंबंधों मे ंभी कोई समस्या नहीं होती।
इससे भिन्न्ा स्थानीय आबादी में जैन मत के बिबों एवं तत्त्वों का पूर्ण वैष्णवीकरण हो गया है। इसी प्रकार जैन भी तांत्रिक प्रभाव में है। उनके यहाँ भी यक्ष-यक्षिणियों की पूजा, बलि आदि संपन्न्ा होते हैं। यक्षिणियों में पùावती प्रमुख रूप से पूज्य हैं। भैरवपùावती कल्प एक प्रमुख तांत्रिक ग्रंथ हैं जो जैन मत में स्वीकृत है। इसी समन्वयात्मक पृष्ठभूमि में यहाँ चर्चा की जा रही है।
जैन परंपरा के चौदहवें  तीर्थंकर अनंतनाथ हुए हैं। जैन परंपरा में इनकी जयंती भाद्रपद शुक्ल चतुर्दशी को मनाई जाती है। ठीक इसी दिन वैष्णव शैली में अनंत भगवान की पूजा की जाती है एवं खूब धूमधाम से उत्सव मनाया जाता है। अनंत चतुर्दशी का उत्सव आधे दिन का उत्सव है। दोपहर के पहले स्त्री-पुरुष, बाल-बृद्ध, सभी नदी तालाबों में स्नान करते हैं। सुंदर कपड़े एवं साज-सज्जा के साथ किसी धार्मिक स्थान या पूजा-स्थल जहाँ पूजा का सामूहिक आयोजन हो रहा हो, सभी पहुँचते हैं। सभी लोग अपने घर से पूजा की अन्य सामग्रियों के साथ एक कटोरे में दूध एवं एक थाली में अनंत की प्रतिमा ले जाते हैं।
अनंत की प्रतिमा दो प्रकार की होती है। धातु, सोना-चाँदी या सूत की। अनंत की सूत की प्रतिमा में चौदह गाँठंे होती हैं। इसे पूजनोपरांत स्त्री बाएँ एवं पुरुष दाहिने हाथ में रक्षा या ताबीज की भाँति बाँधते हैं। तिब्बती रक्षा ठीक इसी प्रकार की होती है केवल गाँठों का अंतर होता है। धातु वाली प्रतिमा में चौदह घाट होते हैं। इसे बाजूबंद की तरह पहना जाता है। अब धातु का अनंत पहनना चलन में कम है किंतु सूत के अनंत लोग प्रायः अभी भी पहनते हैं।
पूजा के दिन मध्याह्न में पकवान भोजन बनता है जिसमें पूड़ी एवं सेवई मुख्य होती है। दोपहर में ही पूजा, कथा, प्रसाद, व्रत, पारणा सभी संपन्न्ा हो जाते हैं। यह व्रत कम, उत्सव अधिक है।
इस संक्षिप्त चर्चा के बाद इसके घटकों  की समीक्षा की जा रही है जिससे संयोजन एवं समन्वय की प्रक्रिया स्पष्ट होगी। इस पूरे प्रकरण में 14 की संख्या, रक्षा या प्रतिमा जो हाथ में बाँधी जाती है। उत्सव का माहौल, ‘अनंत’ शब्द एवं अनुष्ठान के समय अनंत फल पर टिप्पणी, क्षीर समुद्र में अनंत फल की खोज एवं उसे माथे पर बिठाने का भाव तथा कथा के भीतर के कटाक्ष एवं बिंब महत्त्वपूर्ण हैं। अनंत व्रत कथा की पोथी आसानी से बाजार में उपलब्ध है।
यहाँ मूल घटकों पर विचार किया जा रहा है-
चतुर्दशी
भाद्रपद शुक्ल चतुर्दशी दोनों धाराओं में स्वीकृत है।
अनंतनाथ एवं उनका जन्मोत्सव
अनंतनाथ चौदहवें तीर्थंकर हैं। उनकी जयंती भाद्रपद (भादो) शुक्ल चतुर्दशी को मनाई जाती है।
14 की संख्या
चौदहवें तीर्थंकर की जगह तीर्थंकर को हटाकर 14 भुवनों वाले नारायण रूपी विष्णु की पूजा का विधान कर दिया गया है। इसी के प्रतीक स्वरूप गाँठो वाली धागे की रक्षा या आकृति अथवा धातु की जेवर के समान प्रतिमा बनती है।
रक्षा या प्रतिमा
इस प्रकिया में अनंतनाथ की स्पष्ट मूर्ति रक्षासूत्र में परिवर्तित हो कर सामान्य जन के आकर्षण का कारण बनती है। स्त्री एवं शूद्र को विष्णु भगवान की प्रतिमा को धारण करने का अधिकार देना ही बहुत बड़ी बात है।
उत्सव का वातावरण
जयंती का वातावरण भी उत्सव का होता है। पांचरात्र परंपरा में तो बस उत्सव ही उत्सव का विधान है। भगवान रसिकों में शिरोमणि हैं। उन्हें प्रसन्न्ा करने में उत्सव अत्यधिक सहायक होते हैं।
अनंत शब्द एवं अर्थ/अनंतफल
अनंत अर्थात्् बिना अंत वाला, असीम। जैन परंपरा में यह एक तीर्थंकर का नाम है। लोक परंपरा में अनंत अर्थात्् एक दैवी शक्ति और उस दैवी शक्ति स्वरूपी अनंत की प्रतिमा। वैष्णव परंपरा में चौदह भुवनों में व्याप्त नारायण, जो विष्णु हैं और जो वस्तुतः अनंत फल देने वाले एवं असीम हैं।
क्षीर समुद्र में ढूँढना, माथे पर बिठाना-
चूँकि जैन परंपरा कर्मफल को नष्ट करने वाली है। अतः वह कर्मफल तो जलकर नदी के रास्ते, क्षीर समुद्र में चला जाता है। क्षीर समुद्र विष्णु का वास स्थान है। विष्णु की कृपा से अनंत फलों की प्राप्ति संभव है, भले ही कर्म नष्ट हो गये हों।
पूजा के ऊपरांत व्रती से पूछा जाता है - क्षीर समुद्र में क्या ढूँढ रहे हो/रही हो ? उत्तर मिलता है - अनंतफल। मिला? हाँ, तो माथे लगाओ। इस प्रकार अनंत शब्द एक ही साथ कई अर्थों, बिबों के साथ जुड़ता रहता है। तालमेल कहें या समन्वय, चलता रहता है। अनंत फलों की आशा के साथ विष्णु लोक एवं उससे सायुज्य-जुड़ाव स्थापित हो जाता है।
बात आगे बढ़ती हुई कहीं-कहीं ‘अनंत’ फल की जगह ‘अनंत गोसाई’ का रूप भी धारण कर लेती है। अनंत कथा के भीतर कई छोटी कथाएँ हैं जो कई अन्य कथाओं से मिलती हैं। उनका अवलोकन अत्यंत रोचक होगा।
भारतवर्ष की परंपरा है कि वर्षा काल में कोई भी तपस्वी, साधु, संत या भिक्षु अपनी यात्रा स्थगित कर दे और एक स्थान पर चार महीने बिताए। इसे चौमासा या वर्षावास कहा जाता है। इस वर्षावास के दौरान विभिन्न्ा धाराओं के साधु, संत, भिक्षु आम जनता से संवाद करते हैं और मिलजुलकर विविध व्रत, अनुष्ठान, यज्ञ आदि संपन्न्ा कराते हैं।
इसी अवधि में भादो शुक्ल पंचमी से चतुर्दशी तक मगध में जैन लोगों के द्वारा दशलाक्षणिक व्रतों का अनुष्ठान किया जाता है। इसी अवधि में वैष्णव धारा से प्रभावित सामान्य गृहस्थों के द्वारा भी प्रमुख व्रत किये जाते हैं। इनमें पहला ऋषि पंचमी व्रत है जो पंचमी तिथि को होता है। कर्मा एकादशी एकादशी तिथि को एवं अनंत व्रत चतुर्दशी को संपन्न्ा होता है।
इन तीन व्रतों की पूजा विधि के अंतर्गत कई पहेलीनुमा प्रश्न उठाए गये हैं। इन प्रश्नों के उत्तर के क्रम में वैष्णव धारा ने अपने मत की पुष्टि एवं दूसरे के मतों के खंडन का प्रयास किया है, फिर भी जैन, बौद्ध या उभय पक्ष द्वारा स्वीकृत मूल बातों का समावेश भी साथ-साथ कर लिया गया है। यहाँ ऐसे ही कुछ बिंबों की चर्चा की जा रही है।
ऋषि पंचमी का विधान कब किया गया? उसमंे कौन-कौन से तत्त्व जुड़ते गये? यह निर्णय करना इतिहासकारों का काम है लेकिन प्रारंभ से ही वैष्णव धारा के प्रति मगध के लोग अंध श्रद्धा वाले नहीं थे। शौच-अशौच, पवित्रता-अपवित्रता संबंधी मान्यताएँ अन्य क्षेत्रों से मगध में काफी भिन्न्ा रही हैं।
तांत्रिक परंपरा में स्त्री का स्थान श्रेष्ठ होता है और रजस्वला स्त्री भी अपवित्र नहीं मानी जाती है। इसके विपरीत वैष्णव धारा में रजस्वला स्त्री को शूद्र की कोटि में रखा जाता है। उस समय वह शूद्रों की भाँति अस्पृश्य होती है।
ऋषि पंचमी व्रत में तांत्रिकों एवं जैनियों, दोनों को पूर्ण पक्ष के रूप में रखा गया है। दशलाक्षणिक व्रत के प्रथम दिन ही सिद्धों की जगह ऋषियों की पूजा का विधान किया गया है। सिद्ध छुआछूत के समर्थक नहीं हैं चाहे वह रजास्वला स्त्री हो या शूद्र। इसी प्रायश्चित्त के लिए ऋषि पंचमी व्रत का विधान किया जाता है। ऋषियों की पूजा होती है। अपामार्ग (चिड़चिड़ी) नामक औषधीय पौधे का सेवन किया जाता है। इसी से दातून की तरह मुँह धोया जाता है और स्नान के जल में भी इसका उपयोग किया जाता है।
मगध में खेती की प्रतिष्ठा रही है। सुत्तपिटक में एक सूत्त है कसिभारद्वाज सुत्त। इस सुत्त मंे भारद्वाज गोत्रीय ब्राह्मण खेती को उत्तम कार्य के रूप में भगवान बुद्ध के समक्ष विवेचित करता है और बुद्ध को भी अपनी धार्मिक साधना एवं उपदेश की खेती से तुलना करनी पड़ती है। मगध की इस कृषि की पक्षधर मान्यता का ऋषि पंचमी व्रत में खंडन तो नहीं किया जाता है किंतु जैनियों के समान खेती को हीन एवं खेती न करने को श्रेष्ठ घोषित किया जाता है। खेती करने में चँूंकि अनेक कीट-पतंग मारे जाते हैं। इसलिए जैनी कृषि को हिंसक कार्य मानते हैं। इस मान्यता का परोक्ष रूप से समावेश करते हुए ऋषि पंचमी के दिन न केवल कंद-मूल, शाक-सब्जी को खाने की व्यवस्था की गई है अपितु बिना खेत जोते हुए उपजाए गये अन्न्ा को अधिक पवित्र एवं ऋषि पंचमी के दिन खाने योग्य बताया गया है।
मगध में पुनपुन एवं सोन के मार्ग बदलने से कई पुरानी जल धाराएँ अवशेष के रूप में हैं। इनमें बरसात के समय पानी बहते रहता है। इस धारा के भीतर धान की एक प्रजाति उत्पन्न्ा होती है जिसकी फसल छूते ही जमीन में गिर जाती है। गरीब लोग इसे पानी में घुँसकर झटके के साथ झाड़ते हैं। गिरे हुए बीज दूसरे वर्ष पौधे उत्पन्न्ाकरते हैं। स्थानीय भाषा में इसे टेनी कहा जाता है। ऋषि पंचमी के दिन टेनी का चावल खाया जाता है। यहाँ टेनी की गणना फलाहार के रूप में होती है।
इस प्रकार ऋषि पंचमी व्रत के माध्यम से ‘अकृष्टपच्या’ भूमि की महत्ता को स्थापित करने की कोशिश की गई है। इसका प्रभाव कई स्थानीय मान्यताओं में ंमिलता है। दलहन की फसलें धान की खेतों में इसी विधि से उगाई जाती हैं और इस विधि को श्रेष्ठ विधि माना जाता है।
ऋषि पंचमी व्रत के बिंब कुछ मिले-जुले हैं लेकिन कर्मा एकादशी और अनंत के बिबों को समझना आसान है। इन दो व्रतों के भीतर एक ऐसे वृक्ष की चर्चा है जिसके फलों में कीडे़ पड़े हुए हैं। उसके फलों का कोई उपयोग नहीं कर रहा है चाहे मनुष्य हो पशु अथवा पक्षी। इसी तरह एक गाय और बछड़ा है जो इधर-उधर दौड़ रही है। बछड़ा गाय का दूध नहीं पी रहा है। एक बैल है जो निश्चिंत मुद्रा में बैठा हुआ है। एक हाथी भी है और एक गदहा भी। ऐसी दो पुष्करिणियाँ/पोखरियाँ हैं जिनका जल एक दूसरे में प्रवाहित हो रहा है। उनमें अनेक फूल खिले हुए हैं और ये पोखरियाँ काफी सुंदर हैं ।
इन उपर्युक्त प्रश्नों के उत्तर के रूप में बताया गया है कि आम का पेड़ वह ब्राह्मण है जो अपनी विद्या का दान नहीं करता है। वैदिक मत में पर्यटन करते हुए दूसरे को धर्मोंपदेश करना ब्राह्मण का दायित्त्व नहीं होता। यह दृष्टिकोण संगठन-प्रधान विस्तारवादी दृष्टिकोण है। इस बिंब के द्वारा विद्या दान को अनिवार्य सिद्ध करने की कोशिश की गई है।
मगध का एक बड़ा भूभाग सूखे से भी प्रभावित होता रहा है और स्वाभाविक है कि ऐसी स्थिति में लगाए गए बीज धरती के भीतर ही नष्ट हो जाए। ऐसी धरती को बीज चुराने वाली धरती कहा गया है और गाय-बछड़े को बीज चुराने वाली धरती बताया गया है। धरती के इसी पाप के कारण उसका बछड़ा दूध नहीं पीता है। जैनियों के महान संत ऋषभदेव ऋषभ से वृषभ अर्थात्् बैल हो जाते हैं। बैल जैन, बौद्ध, वैदिक तीनों परंपराओं में शांति का प्रतीक हैं। ऋषि पंचमी एवं अनंत व्रत के संदर्भ में बैल श्री सत्यनारायण देव का रूप में यहाँ मानवीकृत रूप वाला हो जाता है।
हाथी का महत्त्व बौद्धों एवं सिद्धों में अधिक है। परिणामतः वैष्णव धारा में हाथी अभिमान का प्रतीक बन जाता है और पता नहीं किस युक्ति के आधार पर गदहे जैसे शांत स्वभाव वाले पशु को क्रोध का प्रतीक मान लिया जाता है। ब्राह्मण का तो कहना ही क्या है? वह साक्षात् अनंत भगवान का रूप है।
अनंत के मानवीकरण की चर्चा पहले की जा चुकी है। इन बिंबों के साथ दो पुष्करिणियों के बिंब सारे रहस्य को प्रगट कर देते हैं। वर्णाश्रम व्यवस्था में दान लेने का अधिकार केवल ब्राह्मण को है। आम जनता चाहे वह प्रजा हो या राजा ब्राह्मण एवं श्रमण भिक्षु दोनों को दान देती रही है।
इनमे से जो चतुर लोग हैं वे इस सहज अभ्यास को अपनी सुविधानुसार बदल लेते हैं। ब्राह्मण को दान न देना कट्टर जैनियों के लिए एक आदर्श की तरह रहा है। भिक्षुओं एवं मंदिरों को दान देना जैन परंपरा में स्वीकृत है जिसका विकृत रूप यह होता है कि क्यों न परस्पर ही दान दे दिया जाए। ब्राह्मण को दी गई सामग्री दूसरे कुल में चली जाती है इसलिए जैन दृष्टि से ही दान क्यों न किया जाय? इस प्रकार दान की सामग्री अपने परिवार वालों के भीतर ही रह जाएगी। इस प्रवृत्ति को धार्मिक अनुमोदन प्राप्त होते ही स्वभाविक है कि ब्राह्मणों का अहित होगा।
चूँकि स्वार्थपूर्ण दान सामान्य लोगों की दृष्टि में भी उचित नहीं है इसलिए पुष्करणियों के माध्यम से यह बताया गया है कि पुष्करणियाँ वैसी दो बहने हैं जो परस्पर एक-दूसरे को दान करती रहती थीं। इसी कारण इनका जल दूसरी दिशा में प्रवाहित न होकर परस्पर एक-दूसरे की ओर प्रवाहित होता है। यदि उन्होनें ब्राह्मणों को दान किया हुआ होता तो उनका जल बाहर भी निकलता।
चूँकि जिस पुष्करिणी का जल बाहर की ओर नहीं निकलता हो जिसमें आने और जाने के दोनों मार्ग न हांे, वह पुष्करिणी ‘बहता पानी निर्मला’ के सिद्धांत पर पवित्र नहीं मानी जा सकती । ठीक इसी प्रकार अपने परिवार में परस्पर दान को अपवित्र सिद्ध करने का प्रयास इन पुष्करणियों के माध्यम से किया गया है।
पूर्वाेक्त विश्लेषण से यह स्पष्ट है कि जैन परंपरा के मूल्यों एवं अनुष्ठानों के समतुल्य या विरोधी मूल्यों के साथ मगध में भी ऋषि पंचमी, कर्मा एकादशी तथा अनंत व्रत आज भी प्रतिष्ठित हैे। साथ ही कर्मदहन दशमी सुगंध दशमी बन गई है। अनंत चतुर्दशी के दिन अनंतपूजा के साथ अनंतनाथ की जयंती आज भी मनाई जाती है।
सहायक संदर्भ
अनंत व्रतकथा विधि
अनंतनाथ पूजा विधि
ऋषिपंचमी व्रतकथा
कर्मा एकादशी व्रतकथा
कर्मदहन विधान एवं दश लाक्षणिक धर्म